सबसे भ्रष्ट है RTO, चंबल के डकैतों से भी ज्यादा लूटते हैं: गडकरी
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) को आड़े हाथ लेते हुए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें देश में सबसे भ्रष्ट करार दिया और कहा कि वे चंबल के डकैतों से ज्यादा लूटते हैं।
नई दिल्ली। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) को आड़े हाथ लेते हुए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज उन्हें देश में सबसे भ्रष्ट करार दिया और कहा कि वे चंबल के डकैतों से ज्यादा लूटते हैं।
आरटीओ दफ्तरों में पसरे भ्रष्टाचार पर अपना नाराजगी जाहिर करते हुए गडकरी ने कहा कि आरटीओ देश में सबसे भ्रष्ट इकाई है। उन्होंने लूट में चंबल के बीहड़ों में लूटपाट करने वाले डकैतों को भी पीछे छोड़ दिया है। नये मोटर कानून के क्रियान्वयन में देरी से नाराज गडकरी ने कहा कि भूतल परिवहन और सुरक्षा विधेयक लागू होने पर पूरा क्षेत्र सुधर जाएगा।
उन्होंने यहां दैनिक जागरण के जागरण फोरम में कहा कि परिवहन क्षेत्र में पारदर्शिता और कंप्यूटरीकरण के विरोधी कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग नये विधेयक के खिलाफ हैं और मुझे यह कहते हुए पीड़ा हो रही है कि आरटीओ अधिकारियों ने राज्यों में मंत्रियों को विधेयक का विरोध करने के लिए उकसाया है।
गडकरी ने कहा कि मुझे अपराधबोध लगता है। भारत की तरह आसानी से ड्राइविंग लाइसेंस और कहीं नहीं हासिल किये जा सकते। इनमें से 30 प्रतिशत फर्जी लाइसेंस होते हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य साथ में हैं और नया कानून लागू होने पर इलेक्ट्रॉनिक ड्राइविंग लाइसेंसों, ऑनलाइन परमिटों तथा अन्य सुधारों से परिवहन क्षेत्र बदल जाएगा।