कलेक्टर श्री चौधरी ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण

656 By 7newsindia.in Fri, Dec 20th 2019 / 18:18:29 मध्य प्रदेश     
किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो यह सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्री चौधरी
सीधी
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने धान खरीदी केन्द्रों मवई तथा कमर्जी का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने निर्देशित किया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उनके बैठने, पेयजल, रात्रि में अलाव आदि की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाये। कलेक्टर श्री चौधरी ने स्पष्ट किया है कि खरीदी केन्द्रों में अनियमितता की शिकायत पाये जाने और जांच उपरान्त दोषी पाये जाने पर कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर श्री चौधरी ने निर्देश दिए हैं कि किसानों को खरीदी हेतु एस.एम.एस. द्वारा सूचित करें। किसानों के आने के क्रम में ही उनसे खरीदी की जायें। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों में तौल कांटे एवं मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं जिससे किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े। कलेक्टर ने खरीदे गए धान का समय से उठाव करने के भी निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चौधरी ने सभी संबंधित अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों का नियमित भ्रमण करने एवं व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए कहा है।
वेब जीआईएस पोर्टल से गिरदावरी स्वयं कर सकते हैं किसान
कलेक्टर श्री चौधरी ने उपस्थित कृषकों से चर्चा की तथा उन्हें बताया कि इस समय रबी मौसम की गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। किसान वेब जीआईएस पोर्टल के माध्यम से अपने खेत की गिरदावरी की जांच कर सकते हैं तथा स्वयं भी फसल की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया है कि गिरदावरी का कार्य पूरी सावधानी एवं सतर्कता के साथ किया जाये।
उद्यानिकी फसलों के लिए किया प्रोत्साहित
कलेक्टर श्री चौधरी ने उपस्थित कृषकों से चर्चा की तथा उन्हें उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने अपने धार जिले के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वहां के कृषक उद्यानिकी फसलों अनार, अंजीर, पपीते, मिर्च आदि की खेती कर अच्छा लाभ प्राप्त कर रहें हैं। उन्होने किसानों को कुछ नवाचार करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि जो भी तकनीकी सहायता की आवश्यकता है वे उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र से प्राप्त कर सकते हैं।
भ्रमण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी आशुतोष तिवारी उपस्थित रहें।
 

Similar Post You May Like

ताज़ा खबर