जातिवाद के खात्मे के लिए विचारों में बदलाव जरूरी � अपर कलेक्टर श्री वर्मा

540 By 7newsindia.in Fri, Sep 15th 2017 / 20:14:19 प्रशासनिक     

ग्वालियर | विचारों में बदलाव से जातिवाद का खात्मा संभव है। इस दिशा में सकारात्मक सोच के साथ सामूहिक प्रयास करने होंगे। यह बात अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा ने कही। श्री वर्मा “जातिवाद मुक्त भारत” विषय पर आयोजित हुई जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने “संकल्प से सिद्धि” कार्यक्रम के तहत जातिवाद मुक्त भारत बनाने की पहल की है। इसमें सहयोग के लिये समाज आगे आए। 

    शुक्रवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में अपर कलेक्टर श्री वर्मा ने आनंद विभाग की गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में आनंद विभाग के तहत सभी वर्गों के जरूरतमंद बच्चों के लिये नि:शुल्क कोचिंग के रूप में 60 आनंद क्लास संचालित हैं। साथ ही जिले में 30 आनंद क्लब भी सदभावना के काम में जुटे हैं। 

सहायक आयुक्त जनजाति विभाग श्रीमती ऊषा पाठक ने सरकार द्वारा जातिवाद व छुआछूत मिटाने के लिये चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अंतरजातीय विवाह योजना संचालित है, जिसके तहत यदि सवर्ण जाति के लड़का-लड़की द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग में विवाह किया जाता है तो ऐसे दम्पत्तियों को विवाह के बाद प्रोत्साहन स्वरूप सरकार द्वारा 2 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। 

    इसी तरह अस्पृश्यता निवारण एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के हितार्थ सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली ग्राम पंचायत को भी सरकार द्वारा एक लाख रूपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है। सहायक आयुक्त जनजाति विभाग ने बताया कि अस्पृश्यता निवारण के लिये 02 अक्टूबर को सदभावना शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें सभी वर्गों के लोग सामूहिक भोज भी करते हैं। उन्होंने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ित लोगों को दी जाने वाली सहायता और अपराधियों को दिए जाने वाले दण्ड के बारे में भी बताया। 

    जातिवाद मुक्त भारत विषय पर आयोजित हुई कार्यशाला में आए प्रतिभागियों से सुझाव भी लिए गए। इनमें से अच्छे सुझावों को कार्ययोजना में शामिल कर उन पर अमल किया जायेगा। 

    कार्यशाला में डीएसपी एजेके श्री मुनीष राजौरिया तथा सर्वश्री दिनेश मौर्य, के एन पाराशर, केशव सिंह, कप्तान सिंह सहसारी, श्रीमती सीमा परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे। 

Similar Post You May Like

ताज़ा खबर